ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव के दो-दो जगह वोट दर्ज होने का मामला अब राजनीतिक रंग पकड़ने लगा है। समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण के बाद अब भाजपा जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया भी इस मुद्दे को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम एडीएम देवेन्द्र सिंह को हलफनामा सौंपते हुए आरोप लगाया कि नवाब सिंह यादव और उनके भाइयों के नाम से दो स्थानों पर वोट बने हैं। एक वोट अड़ंगापुर गांव के बूथ संख्या 233 पर जबकि दूसरा वोट कन्नौज शहर के ग्वाल मैदान स्थित प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 299 और 300 की वोटर लिस्ट में दर्ज है।
भाजपा नेताओं ने मांग की है कि इस मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि अगर वोटर लिस्ट बनाने में वीएलओ की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज होना चाहिए। जिले में यह मामला तेजी से सियासी तूल पकड़ रहा है और अब प्रशासन पर भी कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।