राजेन्द्र सिंह धुऑंधार

कन्नौज। रविवार की सायं चार बजे के करीब अचानक मौसम के करवट लेते ही आकाशीय बिजली कड़कने के साथ ही शुरू हुई बारिश ने जहां उमस से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाने का काम किया। वहीं जिले में दो दर्दनाक घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई। दोनों घटनाएं जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के अलग अलग गांव में घटित हुईं, जिनमें एक की आकाशीय बिजली जबकि दूसरे की घरेलू बिजली की करेंट की चपेट में आकर मौत हो गई।
बताते चलें कि, गुरसहायगंज के गांव निजामपुर गांव में खेत में मवेशी चराने के दौरान ग्रामीण 26 वर्षीय कल्यान सिंह की मौत की खबर है। बताया गया कि, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। घटना की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं दूसरी घटना उपरोक्त थाना क्षेत्र के ही गौरियापुर गांव में घटित हुई। यहां गांव निवासी 40 वर्षीय केशव दुबे अपने घर पर बिजली का वार्ड ठीक कर रहे थे, इसी दौरान घरेलू बिजली करेंट की चपेट में आ गए।
जानकारी पर परिजनों में कोहराम मचा गया। आनन फानन में केशव को उपचार हेतु स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत्यु घोषित कर दिया। बात दें कि मृतक केशव की दो बेटियां हैं। केशव की मौत पर परिजनों के करुण क्रंदन का सिलसिला जारी था।