-पालतू कुत्ते को दफनाने को लेकर भड़की पुरानी रंजिश, घर में मचा कोहराम।

-रात में चली गोली, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा आरोपी फरार।
रिपोर्ट शाहाना बेग
शाहजहाँपुर। पारिवारिक रंजिश ने एक बार फिर रिश्तों का खून कर दिया। सदर बाजार थाना क्षेत्र के बाडूजई प्रथम मोहल्ले में बीती रात भतीजे ने अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले घर के पालतू कुत्ते को दफनाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। उसी बात का बैर युवक ने मन में रख लिया और मौका पाकर चाचा पर तमंचे से गोली दाग दी। जानकारी के मुताबिक, मृतक प्रमोद (40) अपने घर में बैठे थे, तभी उनका भतीजा विवेक तमंचा लेकर आया और सीने पर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही पत्नी सीमा व अन्य परिजन बाहर दौड़े तो देखा कि प्रमोद खून से लथपथ जमीन पर पड़े हैं। देखते ही देखते घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही सीओ सिटी पंकज पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बड़े भाई विनोद ने बताया कि करीब पंद्रह दिन पहले घर का कुत्ता मर गया था। प्रमोद ने विवेक से उसे नदी किनारे दफनाने में मदद करने को कहा था, पर विवेक ने इंकार कर दिया था। इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसे उस वक्त परिजनों ने शांत करा दिया था। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है। आरोपी विवेक फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *