ईस्ट इंडिया टाइम्स राजेन्द्र सिंह धुआँधार

कन्नौज। जिले में सड़क हादसे में ई रिक्शा में एक कार चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि ई रिक्शा सवार एक गर्भवती महिला सहित पांच लोग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गये। गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के सरायप्रयाग कस्बे की रहने वाली राखी पत्नी सुरेंद्र गर्भवती हैं। राखी को प्रसव पीड़ा होने के कारण शुक्रवार की सुबह ई रिक्शा से गुरसहायगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिये एक ई रिक्शा किया गया था। इस ई रिक्शा पर राखी के अलावा अन्य महिलाएं बेबी पत्नी कुंअर सिंह, सुशीला देवी, लाली, अंजू, तनुजा, सहित राजा नामक युवक भी सवार थे। जैसे ही ई रिक्शा गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के तेराजाकेट फ्लाईओवर के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार के चालक ने ई रिक्शा को टक्कर मार दी। दुर्घटना के दौरान ई रिक्शा पलट गया। जिसमें सवार बेबी पत्नी कुंअर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य उपरोक्त लोग घायल हो गये। घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों ने मदद करते हुये घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। यहाँ से सभी घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। दुर्घटना में घायल गर्भवती राखी की हालत नाजुक होने के कारण हायर हॉस्पिटल भेजा गया है। दुर्घटना में मृत महिला का शव पुलिस ने पोस्टमार्टम हेतु भेजा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ई रिक्शा को हटवाया है।
दुर्घटना में शामिल कार चालक को कार सहित पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं एक अन्य घटना में गुरसहायगंज पूर्वी क्रॉसिंग पर हादसा हो गया। इस घटना में कन्नौज के कूतुलपुर से सुषमा 33 वर्ष जो उपरोक्त घटना में मृत महिला की चाचा की लड़की बताई गई है, घटना की सूचना पर टेंपो से मौके पर जा रही थी। जैसे ही क्रॉसिंग फाटक पर सुषमा टेंपो से नीचे उतरी तभी एक बाइक की टक्कर से वो भी घायल हो गईं। दुर्घटना में उनका पैर टूट गया। इनको भी स्थानीय हॉस्पिटल में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है।
समाचार लिखे जाने तक महिला की मौत पर परिजनों के करुण क्रंदन का सिलसिला जारी था।
कार चालक का नाम हृदेश पुत्र देवेंद्र यादव निवासी उरावर जिला फिरोजाबाद बताया गया है। यह अपनी बहन के यहां कन्नौज आ रहा था।

By hi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *